नशा मुक्त युवा, विकसित भारत थीम पर एमडीयू में 19 नवंबर से सजेगा युवा महोत्सवः उपायुक्त
लोक कला से लेकर पेंटिंग तक छह विधाओं में युवा दिखाएंगे हुनर
रोहतक, गिरीश सैनी। युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का आयोजन 19 एवं 20 नवंबर को एमडीयू के टैगोर ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव की थीम 'नशा मुक्त युवा – विकसित भारत' रखी गई है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि महोत्सव के माध्यम से युवाओं को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ उनकी कला एवं रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
राजकीय मॉडल आईटीआई, रोहतक के प्राचार्य राजपाल सिंह ने बताया कि महोत्सव में समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, कविता लेखन और लोक वाद्य यंत्र समूह की प्रतियोगिताएं होंगी। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इनमें भाग ले सकेंगे। इसके लिए माई भारत पोर्टल (mybharat.gov.in) पर पंजीकरण अनिवार्य है।
प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 4,100, 3,100 और 2,100 रुपये तथा योग्यता प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। पंजीकरण एवं जानकारी के लिए राजकीय मॉडल आईटीआई, सैनिक परिवार भवन के पास संपर्क किया जा सकता है।

Girish Saini

