जीयू में ‘मनो-सुकून’ क्लिनिक शुरू, दो शोध केंद्र भी लॉन्च

बीपीएल परिवारों को मुफ्त मिलेगी मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवा, विशेषज्ञों की टीम करेगी मदद

जीयू में ‘मनो-सुकून’ क्लिनिक शुरू, दो शोध केंद्र भी लॉन्च

गुरुग्राम, गिरीश सैनी। गुरुग्राम विवि के कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने शुक्रवार को विवि परिसर में ‘मनो-सुकून: मानसिक कल्याण क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नशा रोकथाम एवं हस्तक्षेप केंद्र (सीआईपीएसए) और महिला स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (सीडब्ल्यूएचडब्ल्यू) का भी उद्घाटन किया।

प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि मानसिक समस्याओं के समाधान के लिए उपचार के साथ जागरूकता, समय पर पहचान और परामर्श भी जरूरी हैं। क्लिनिक में अनुभवी मनोचिकित्सकों और क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट की टीम परामर्श एवं मनोसामाजिक सहायता उपलब्ध कराएगी।

सभी सेवाएं उचित दरों पर मिलेंगी, जबकि बीपीएल कार्ड धारकों तथा मनोविज्ञान विभाग द्वारा गोद लिए गए 10 गांवों और दो झुग्गी बस्तियों के निवासियों को मुफ्त सेवाएं दी जाएंगी। इच्छुक व्यक्ति विवि वेबसाइट के माध्यम से अपॉइंटमेंट ले सकते हैं। क्लिनिक सोमवार से शनिवार सुबह 10 से शाम 6 बजे तक संचालित होगा।

मनोविज्ञान विभागाध्यक्षा प्रो. गायत्री रैना ने कहा कि मानसिक समस्याओं और नशे की लत से निपटने के लिए उपचार के साथ पारिवारिक सहयोग और सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है।