एमडीयूः पत्रकारिता विभाग में नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने ली एंटी रैगिंग शपथ

एमडीयूः पत्रकारिता विभाग में नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने ली एंटी रैगिंग शपथ

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन एवं इंटरेक्शन सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने एंटी रैगिंग शपथ लेकर परिसर को रैगिंग मुक्त रखने का संकल्प लिया।

विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों और विवि की जीरो टॉलरेंस नीति से अवगत कराया गया। उन्होंने शपथ ली कि वे न तो रैगिंग करेंगे और न ही किसी अन्य विद्यार्थी को इसके लिए प्रेरित या प्रोत्साहित करेंगे। साथ ही, रैगिंग की किसी भी घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने का संकल्प भी लिया। इस दौरान आयोजित एंटी रैगिंग स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विभाग के प्राध्यापकों - डॉ. बैनूल तोमर, सुनित मुखर्जी, प्रो. हरीश कुमार और डॉ. नवीन कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अनुशासन, आपसी सम्मान और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण के महत्व पर जोर दिया। ओरिएंटेशन में विद्यार्थियों को एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम, सिलेबस, विभागीय गतिविधियों और मीडिया क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने परिचय देते हुए अपनी रुचियां और अपेक्षाएं भी साझा की।