विरोधियों की जुबां पर भी दीपेंद्र हुड्डा की शराफत और मेहनत के चर्चे
पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी के बीच व्यवहार बना सबसे बड़ी ताकत, पक्ष-विपक्ष के नेता भी कर चुके हैं खुले मंच से तारीफ
रोहतक, गिरीश सैनी। राजनीति में पद और प्रभाव से ज्यादा व्यक्ति का व्यवहार उसकी असली पहचान और ताकत बनता है। हरियाणा कांग्रेस में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा इसका उदाहरण बनकर उभरे हैं। जींद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा उन्हें हरियाणा का लोकप्रिय, मेहनती और पार्टी के लिए प्रदेश के हर कोने में संघर्ष करने वाला नेता बताने के बयान की इन दिनों सियासी गलियारों में खूब चर्चा है।
खास बात यह है कि दीपेंद्र की तारीफ केवल उनके समर्थक ही नहीं, बल्कि पार्टी के दूसरे धड़ों और राजनीतिक विरोधियों के नेता भी करते रहे हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान भी उन्हें सबसे मेहनती, शालीन और लोकप्रिय नेताओं में गिन चुके हैं। प्रियंका गांधी सार्वजनिक रूप से उनकी दिन-रात की मेहनत और कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा खुले रहने वाले दरवाजों का जिक्र कर चुकी हैं।
2019 के लोकसभा चुनाव में रोहतक से उनकी हार पर इनेलो के तत्कालीन सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने भी इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उनके मिलनसार और संघर्षशील व्यक्तित्व की सराहना की थी। भाजपा सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी ने भी दुष्यंत चौटाला सीआईए प्रकरण के दौरान राजनीतिक व्यवहार सीखने के लिए दीपेंद्र हुड्डा का उदाहरण दिया था। वहीं, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह और किसान नेता सुरेश कोथ भी उनकी शालीनता और मेहनत की तारीफ कर चुके हैं।
युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता और नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की भूमिका भी उनकी राजनीतिक ताकत मानी जाती है। कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान के बीच दीपेंद्र हुड्डा के पक्ष और विपक्ष के नेताओं से मिल रही प्रशंसा यह संदेश देती है कि राजनीति में व्यवहार से कमाई गई प्रतिष्ठा किसी पद या गुट की मोहताज नहीं होती।

Girish Saini

