गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम हुआ सख्त, 27 लोगों के चालान; 12,100 रुपये जुर्माना

ग्रेप नियमों के उल्लंघन पर भी होगी कड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचने वालों पर कड़ी नजर

गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम हुआ सख्त, 27 लोगों के चालान; 12,100 रुपये जुर्माना

रोहतक, गिरीश सैनी। शहर में बढ़ते प्रदूषण और गंदगी पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। निगम की टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वाले 27 लोगों के चालान कर 12,100 रुपये का जुर्माना लगाया है।

निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि ग्रेप लागू होने के बाद प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्माण कार्यों पर आगामी आदेशों तक रोक लगाई गई है। निर्माण सामग्री को ग्रीन मैट से ढकना अनिवार्य किया गया है। वहीं, एंटी स्मॉग टावर, एंटी स्मॉग गन, पानी के टैंकरों और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से प्रदूषण कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने नागरिकों से कूड़ा निर्धारित वाहनों में डालने और कूड़े में आग न लगाने की अपील की। उन्होंने प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी।