कुलपति डॉ अग्रवाल के समझाने पर युवक की ब्रेन स्टेम डेथ के बाद परिजनों ने अंगदान की हामी भरी

भिवानी के 23 वर्षीय युवक का हृदय, फेफड़े, लिवर, दोनों किडनी और कॉर्निया से मिलेगा कई लोगों को जीवनदान

कुलपति डॉ अग्रवाल के समझाने पर युवक की ब्रेन स्टेम डेथ के बाद परिजनों ने अंगदान की हामी भरी

रोहतक, गिरीश सैनी। भिवानी के 23 वर्षीय युवक की मृत्यु उपरांत अंगदान से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआईएमएस, रोहतक में चिकित्सकीय कमेटी ने ब्रेन स्टेम डेथ घोषित किया। इसके बाद परिजनों ने गहरे दुख के बीच बड़ा फैसला लेते हुए उसके अंगदान की सहमति दे दी। युवक का हृदय, फेफड़े, लिवर, दोनों किडनी और कॉर्निया दान किए जाएंगे।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बताया कि निर्धारित चिकित्सकीय जांच और मापदंडों के बाद युवक को ब्रेन स्टेम डेथ घोषित किया गया था। इसके बाद उन्होंने स्वयं परिजनों से बातचीत कर उन्हें अंगदान के महत्व और इससे बचाई जा सकने वाली जिंदगियों के बारे में समझाया। उनकी अपील पर परिवार ने मंगलवार को अंगदान के लिए सहमति जताई। उन्होंने परिजनों के फैसले को मानवता की बड़ी मिसाल बताया।

कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने युवाओं से अंगदान के प्रति जागरूक होने और परिवारों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री ने बताया कि अंगों को सुरक्षित निकालने और जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने के लिए सोटो हरियाणा, रोटो और नोटो की टीमें जुटी हैं। सोटो के नोडल अधिकारी डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति का अंगदान आठ से नौ लोगों को जीवनदान दे सकता है।