उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समाधान शिविर में प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों के निपटारे के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर सोमवार व वीरवार को समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा सके और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और जिन मामलों में समय लग सकता है, उनमें भी तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की सुविधा के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी इसी प्रकार समाधान शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिल सके।
समाधान शिविर में जिला के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तुरंत समाधान करवाया गया। इस दौरान राजस्व, नगर निगम, पुलिस, बिजली, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित मामलों की गहनता से जांच करते हुए उनका जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें।
इस दौरान नगराधीश अंकित कुमार, डीडीपीओ राजपाल चहल, यूएचबीवीएन की कार्यकारी अभियंता सीमा नारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

