एनकॉर्ड की 14वीं राज्य स्तरीय बैठक में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
डीसी ने दिए नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित जांच के निर्देश, कॉलेजों-पार्कों में बढ़ेगी पुलिस निगरानी
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को चंडीगढ़ में 14वीं एनकॉर्ड की राज्य स्तरीय बैठक आयोजित हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े उपायुक्त सतबीर सिंह ने बैठक के बाद संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा कर नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में नशाखोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। उन्होंने जिले में संचालित पांच सरकारी व निजी नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
एएसपी वैसाख बग्गी को विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और पार्कों में पुलिस निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थलों, सब्जी मंडियों और स्टेडियमों में नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा आसपास के मेडिकल स्टोरों की जांच करने को कहा गया। प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोरों पर भी चेकिंग जारी रहेगी।
उपायुक्त ने बताया कि शिक्षा विभाग ने प्रहरी क्लब गठित किए हैं, जबकि महाविद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता सेल बनाए गए हैं। बैठक में एसपी गौरव राजपुरोहित सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

