हुड़दंग व असामाजिक गतिविधियों पर एमडीयू में जीरो टॉलरेंस नीति

बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती।

हुड़दंग व असामाजिक गतिविधियों पर एमडीयू में जीरो टॉलरेंस नीति

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू प्रशासन ने कैंपस की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए कड़ा संदेश दिया है। विवि परिसर में बाहरी व्यक्तियों की अनधिकृत एंट्री, हुड़दंगबाजी और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर पूरी सख्ती बरती जाएगी। बिना वैध पहचान पत्र और अधिकृत दस्तावेज के किसी भी बाहरी व्यक्ति या वाहन को परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा।

सुरक्षा नियंत्रक तरुण शर्मा ने बताया कि विवि के सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा नियमित जांच और एंट्री चेकिंग की जा रही है। विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कर्मचारियों को अपने वैध पहचान पत्र साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि परिसर का शैक्षणिक और शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित न हो।

विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कैंपस में किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी, अभद्रता या असामाजिक गतिविधि को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा। इसी कड़ी में हाल के दिनों में तीन बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। साथ ही, उनके द्वारा इस्तेमाल की गई गाड़ी के विवि परिसर में प्रवेश पर सुरक्षा कार्यालय ने तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। विवि प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से सख्त रवैया जारी रखा जाएगा। विवि परिसर को सुरक्षित, अनुशासित और शिक्षण-अनुकूल बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।