जिला में नशाखोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति लागूः डीसी सचिन गुप्ता
प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध निरंतर चेकिंग अभियान जारी।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्ति अभियान को सख्ती से लागू किया जा रहा है तथा प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध निरंतर चेकिंग अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना लाइसेंस दवाइयों की बिक्री करता पाया जाए तो उनके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए। जिला में नशाखोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जा रही है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने एनकोड, पुलिस एवं जिला जेल की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करने वाले व्यक्तियों/मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी आगामी तीन माह में जिला में शेष मेडिकल स्टोर की चेकिंग कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करें।
उपायुक्त ने कहा कि शहर में स्थित सार्वजनिक स्थलों पार्क, सब्जी मंडी, स्टेडियम इत्यादि में नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए तथा उनके आसपास स्थित मेडिकल स्टोर इत्यादि की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा भी युवाओं को नशा मुक्ति अभियान बारे जागरूक किया जाए।
डीसी ने एएसपी आयुष यादव से कहा कि वे जिला में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू करें ताकि नागरिक डिजिटल फ्रॉड का शिकार न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा साइबर अपराध के सभी तरीकों एवं उनसे बचाव के बारे नागरिकों को जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाए।
जिला जेल की समीक्षा करते हुए उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जेल में बंद कैदियों की खेल प्रतियोगिताएं करवाएं। उन्होंने जिला न्यायवादी से कहा कि वे चिन्ह्ति व गंभीर अपराधों की न्यायालय में उचित पैरवी करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी दोषी व्यक्ति रिहा न हो सके। इस दौरान एएसपी आयुष यादव, प्रशिक्षु आईएएस विशाल सिंह, जेल अधीक्षक सत्यवान, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, जिला न्यायवादी सुरेंद्र पाहवा, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

