पांच दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम में युवाओं ने जानी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली
रोहतक, गिरीश सैनी। मेरा युवा भारत के तहत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित पांच दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम अभियान के अंतर्गत युवाओं को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। ये कार्यक्रम जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहयोग से 18 से 22 मई तक आयोजित किया जा रहा है।
जिला युवा अधिकारी परम राठी ने बताया कि युवाओं को विभाग की विभिन्न कार्यप्रणालियों जैसे किसानों का पंजीकरण, गेट पास प्रणाली, मेरी फसल मेरा ब्यौरा/बीमा पोर्टल, मंडी संचालन, खाद्यान्न खरीद प्रक्रिया, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं हैफेड की कार्य प्रणाली तथा आढ़तियों की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इस कार्यक्रम में माय भारत स्वयंसेवक ऋषभ गुप्ता, निशा, शिवम, शिवओम तथा पुलकित ने भाग लिया और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की गतिविधियों को व्यावहारिक रूप से समझा।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली विषय पर युवाओं को विभागीय कार्य प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को प्रशासनिक एवं जनहित सेवाओं की बेहतर समझ विकसित हो सके। इस दौरान जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से निरीक्षक निधि ने प्रतिभागियों को विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की।

Girish Saini 

