सुपवा बैडमिंटन टूर्नामेंट में वामसी, गुंजन, अनुराधा, नीरज मलिक और विनय ने मारी बाजी

10 वर्गों में 110 प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को कुलपति व कुलसचिव ने किया सम्मानित

सुपवा बैडमिंटन टूर्नामेंट में वामसी, गुंजन, अनुराधा, नीरज मलिक और विनय ने मारी बाजी

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में आयोजित दूसरे बैडमिंटन टूर्नामेंट के विजेताओं को पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया गया। कुलपति डॉ. अमित आर्य ने विभिन्न 10 वर्गों के विजेताओं एवं उपविजेताओं को ट्रॉफी और बैडमिंटन किट प्रदान की। इस दौरान कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा भी मौजूद रही।

खेल निदेशक नीरज मलिक ने बताया कि इस टूर्नामेंट में 110 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। छात्र, छात्राओं, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के अलग-अलग वर्गों में मुकाबले कराए गए। छात्र एकल वर्ग में वामसी नारायण और छात्रा वर्ग में गुंजन चैंपियन बने। छात्र युगल में ध्रुव व अंतरिक्ष की जोड़ी तथा मिश्रित युगल में वामसी नारायण व ज्योति का युगल विजेता रहा।

कर्मचारी वर्ग में शिक्षण पुरुष एकल में विनय कुमार, महिला एकल में अनुराधा और गैर-शिक्षण पुरुष एकल में नीरज मलिक ने बाजी मारी। गैर-शिक्षण युगल में नीरज मलिक व सुनील कुमार की जोड़ी विजेता रही। कर्मचारियों के बच्चों के वर्ग में यशवीर ने पहला स्थान हासिल किया।

कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ आपसी संबंधों को भी प्रगाढ़ बनाते हैं। डिजिटल दौर में प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी खेल को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, ताकि फिटनेस के साथ मोबाइल से भी कुछ समय दूरी बनाई जा सके।