बाल संरक्षण के लिए डीएलएसए ने पुलिस और कमेटी सदस्यों को किया जागरूक

किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों और कानूनी प्रक्रिया पर दिया जोर, बाल हितों को सर्वोपरि रखने के निर्देश

बाल संरक्षण के लिए डीएलएसए ने पुलिस और कमेटी सदस्यों को किया जागरूक

रोहतक, गिरीश सैनी। बाल अधिकारों की सुरक्षा और किशोर न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), रोहतक द्वारा ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए चेयरमैन अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने एलएसयूसी एवं एलएसयूएम कमेटियों के सदस्यों को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी।

उन्होंने कमेटियों के गठन के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और जरूरतमंद बच्चों को विधिक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में समय पर हस्तक्षेप, संवेदनशील व्यवहार और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहद जरूरी है।

इस दौरान किशोर न्याय से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक भी की गई। इसमें किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों, कानूनी प्रक्रिया और पुलिस की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों को किशोरों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और प्रत्येक परिस्थिति में बाल हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

सीजेएम डॉ. खान ने कहा कि न्यायिक संस्थाओं, पुलिस और संबंधित विभागों के बेहतर तालमेल से ही बच्चों को समय पर न्याय, संरक्षण और निःशुल्क कानूनी सहायता सुनिश्चित की जा सकती है।