पंजाबी गायक प्रभ गिल के गीतों पर देर रात तक झूमे यूएचएसआर के विद्यार्थी

रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ आर्म्सकॉन-2026 हुआ संपन्न, लोकेश मिस्टर और भुवि मिस आर्म्सकॉन बने

पंजाबी गायक प्रभ गिल के गीतों पर देर रात तक झूमे यूएचएसआर के विद्यार्थी

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रसिद्ध पंजाबी गायक प्रभ गिल के लोकप्रिय गीतों पर यूएचएसआर परिसर शनिवार देर रात तक झूमा। ‘यादां तेरी यादां...’ और ‘दिल मेरा तेरे बिना लगता नहीं...’ जैसे गीतों की धुन पर हजारों विद्यार्थी कुर्सियां छोड़ जमकर नाचे। संगीत, मस्ती और उत्साह से सराबोर माहौल के बीच यूएचएसआर का तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव आर्म्सकॉन-2026 यादगार अंदाज में संपन्न हुआ।

शनिवार को समारोह के तीसरे दिन की शुरुआत साइंटिफिक और एलएएम प्रतियोगिताओं से हुई। मेडिकल डंब-शरेड्स में विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से चिकित्सा से जुड़ी जटिल शब्दावली को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। वहीं, मेड कार्निवल में गेम्स और फन स्टॉल्स पर विद्यार्थियों की खूब भीड़ उमड़ी। उत्सव का विशेष आकर्षण मिस्टर एवं मिस आर्म्सकॉन प्रतियोगिता रही। इसमें लोकेश सिंगला (बीडीएस-2025) ने मिस्टर और भुवि मेहता (एमबीबीएस-2025) ने मिस आर्म्सकॉन का खिताब अपने नाम किया।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा चुनौतीपूर्ण क्षेत्र है। ऐसे में सांस्कृतिक और मनोरंजक आयोजन विद्यार्थियों को तनाव मुक्त होने, अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में संतुलन बनाने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि ये आयोजन नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।

कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा इतने बड़े आयोजन का स्वयं संचालन उनकी संगठनात्मक क्षमता और जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है। निदेशक डॉ. एम.जी. वशिष्ठ ने कहा कि अकादमिक उत्कृष्टता के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं।

डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल ने आयोजन को विद्यार्थियों की प्रतिभा, दोस्ती और खुशियों का उत्सव बताया। डॉ. अपर्णा परमार, डॉ. मंजूनाथ बी.सी, डॉ. हरनीत, डॉ. उर्मिल चावला, डॉ. उमेश यादव और डॉ. प्रोमिल जैन सहित अन्य ने आयोजन में अहम योगदान दिया।