राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखें युवाः कुलपति डॉ. अग्रवाल
जाति, धर्म और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान
रोहतक, गिरीश सैनी। युवाओं को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखना चाहिए। राष्ट्र की एकता बनाए रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है। यह संदेश पं भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में दिया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उनका दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने चिकित्सा विद्यार्थियों और स्वास्थ्य कर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवाभाव के साथ कार्य कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
पीजीआईडीएस में भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। बायोकेमिस्ट्री विभाग की सहायक आचार्य डॉ. वसुधा धूपर के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने भाग लिया। जनसंपर्क विभाग के प्रभारी डॉ. उमेश यादव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत करना है।

Girish Saini

