एक राष्ट्र-एक चुनाव की मुहिम को सफल बनाने में युवा निभाएं निर्णायक भूमिकाः पं. मोहन लाल बड़ौली

वन नेशन- वन इलेक्शन विषय पर संगोष्ठी आय़ोजित।

एक राष्ट्र-एक चुनाव की मुहिम को सफल बनाने में युवा निभाएं निर्णायक भूमिकाः पं. मोहन लाल बड़ौली

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि एक साथ चुनाव होना राष्ट्र हित में है। पूरे देश में चुनाव एक समय पर कराने से चुनाव में कई गुणा खर्च कम होगा और विकास के कार्य तेज गति से होंगे। बड़ौली बुधवार को एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर आयोजित एक गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति जब किसी मिशन में आगे आती है तो निश्चित रूप से बदलाव आता है। उन्होंने युवा वर्ग से बार-बार चुनाव होने की इस बड़ी बाधा को हटाने में युवाओं से निर्णायक और अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बार-बार चुनाव से सरकारी मशीनरी पर दबाव बढ़ता है और आम लोगों को परेशानी होती है। देश के संसाधनों के साथ-साथ राष्ट्र के अमूल्य समय व धन की भी बर्बादी होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी हितों को पीछे छोड़कर देश हित में एक राष्ट्र-एक चुनाव की मुहिम को आगे बढ़ाया है।

 

बतौर विशिष्ट अतिथि, प्रतिष्ठित शिक्षाविद सीता राम व्यास ने अपने संबोधन में पंच परिवर्तन विषय पर प्रकाश डाला। एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।

 

संगोष्ठी उपरांत मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव में अगर किसी को वोट डालनी नहीं आए तो उसमें हम क्या करें। कांग्रेस को पहले अपने लोगों को ट्रेनिंग देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चुनाव से पहले अपने सांसदों को वोट डालने की ट्रेनिंग देती है। पीएम मोदी ने भी खुद चुनाव से पहले यह ट्रेनिंग ली।

 

एक सवाल के जवाब में बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार बाढ़ पीड़ित पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू- कश्मीर की सहायता कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीनों बाढ़ पीड़ित राज्यों को 5-5 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी दी है। कांग्रेस संगठन पर चुटकी लेते हुए बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस का संगठन परिवारवाद, भाई भतीजावाद के दम पर बनाया गया है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है।