नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन करें युवाः एमएसएमई अधिकारी
बीएमयू में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम, 200 से अधिक विद्यार्थियों ने सीखे स्टार्टअप के गुर
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एवं एमएसएमई रोहतक के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्टार्टअप, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
एमएसएमई रोहतक के उपमहाप्रबंधक अश्वनी कांत मुख्य अतिथि और मैनेजर रंजय सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यम स्थापना, सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, सब्सिडी और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने तक सीमित न रहकर अपने व्यावसायिक विचारों को उद्यम में बदलने और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का आह्वान किया।
प्रो-वाइस चांसलर प्रो. नवीन कपिल ने युवाओं को नवाचार और रचनात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। इंजीनियरिंग संकाय के डीन डॉ. मुकेश सिंगला ने बिजनेस मॉडल, प्रोटोटाइप और बाजार की जरूरतों को समझने के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की कन्वीनर दीपिका शर्मा रहीं। डॉ. कोमल मिधा और डॉ. राहुल ने आयोजन में सहयोग दिया। मंच संचालन डॉ. बिजेंद्र सिंह ने किया।

Girish Saini

