महिलाओं, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित शौचालयों पर रहेगा जोरः एडीसी

10 दिसंबर तक चलेगा ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमा में भविष्य’ अभियान, गांवों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

महिलाओं, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित शौचालयों पर रहेगा जोरः एडीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए महिलाओं, विद्यार्थियों एवं दिव्यांगजनों की जरूरतों के अनुरूप सुरक्षित, स्वच्छ और सुलभ शौचालय उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर रहेगा। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि विश्व शौचालय दिवस पर जिले में जिला, खंड और ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमा में भविष्य’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक एवं संस्थागत शौचालयों की कार्यक्षमता, सुरक्षा और रखरखाव में सुधार के साथ मल कीचड़ प्रबंधन के मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत ग्राम सभाओं, सामुदायिक बैठकों, विद्यालयों में स्वच्छता ऑडिट, जागरूकता रैलियों, नुक्कड़ नाटकों और हाथ धोने के सही तरीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। सीसर खास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। एडीसी ने ग्रामीणों से शौचालयों का नियमित उपयोग और रखरखाव सुनिश्चित करने की अपील की।