खेल मैदान में ग्रामीण महिलाओं ने दिखाया दमखम, 200 ने लिया हिस्सा
छह स्पर्धाओं में महिलाओं ने आजमाई प्रतिभा, विजेताओं को मिलेंगे 2100 रुपये तक के पुरस्कार
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कलानौर के डीएवी स्कूल में महिला खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें करीब 200 ग्रामीण महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी शालिनी ने की। प्रतियोगिता में 30 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए 400 व 300 मीटर दौड़ तथा पांच किलोमीटर साइकिल रेस करवाई गई। वहीं, 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 100 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो और म्यूजिकल चेयर स्पर्धाएं हुईं।
साइकिल रेस में तन्नू (पिलाना), 400 मीटर दौड़ में प्रीति (बसाना), 300 मीटर दौड़ में मनीता (माडौधी), 100 मीटर दौड़ में रिंकू (जिंदराण), म्यूजिकल चेयर में ललिता (सैंपल) और डिस्कस थ्रो में सीमा (जिंदराण) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
विभाग द्वारा प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को क्रमशः 2100, 1100 और 750 रुपये की पुरस्कार राशि बैंक खातों में दी जाएगी। कार्यक्रम में महिलाओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई गई।

Girish Saini

