आर्म्सकॉन में ‘देवी’ नाटक ने जगाया स्त्री शक्ति का अहसास, द्रौपदी चीरहरण और छिन्नमस्ता के मंचन ने दर्शकों को किया भावुक
150 शोध पत्र प्रस्तुत हुए, कुलपति डॉ. अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवेदनशील बनने और मरीजों के सम्मान को प्राथमिकता देने का आह्वान किया
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) में आयोजित आर्म्सकॉन-2026 के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शोध गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिला। शाम का मुख्य आकर्षण डॉ. हरनीत सिंह के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक ‘देवी’ रहा। द्रौपदी चीरहरण, नाक काटने और छिन्नमस्ता माता के प्रसंगों के प्रभावशाली मंचन ने दर्शकों को भावुक कर दिया और स्त्री शक्ति, त्याग व सम्मान का संदेश दिया।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर एवं आयोजन अध्यक्ष डॉ. सविता सिंघल ने कहा कि ‘देवी’ नाटक ने स्त्री को केवल त्याग की प्रतिमूर्ति नहीं, बल्कि स्वयं शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया। डॉ. हरनीत सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों ने कई सप्ताह की मेहनत से नाटक तैयार किया। मंच पर रावण का किरदार निभा रहे डॉ. मंजूनाथ ने भी अपने दमदार अभिनय से खूब तालियां बटोरी। शिव-शक्ति, प्रेम में विश्वास और हनीमून मर्डर जैसे विषयों पर आधारित नाटकों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
दूसरे दिन 150 विद्यार्थियों ने शोध पत्र और पोस्टर प्रस्तुत किए, जबकि पहली बार आयोजित सभी 10 कार्यशालाएं पूरी तरह हाउसफुल रही। मेडिकल शार्क टैंक, मेहंदी, रंगोली, समूह नृत्य, मिस्टर एंड मिस आर्म्सकॉन, गायन और कॉमेडी इवनिंग सहित कई गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मीट द एलुमनी कार्यक्रम में टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया और लंदन से आए डॉ. हेमंत ने विद्यार्थियों से संवाद किया।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि डॉक्टर का दायित्व केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को दिशा देना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे चिकित्सक के साथ संवेदनशील इंसान बनने और मरीजों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। इस दौरान कुलसचिव डॉ रूप सिंह, निदेशक डॉ एम.जी. वशिष्ठ सहित अन्य अधिकारी व शिक्षक भी मौजूद रहे।

Girish Saini

