भारतीय संस्कृति से जुड़ें युवाः सीएम नायब सिंह सैनी
अशोक सिंघल जन्मशती का गुरुग्राम में भव्य आगाज, जुटे 1,700 से अधिक लोग
गुरुग्राम, गिरीश सैनी। विश्व हिंदू परिषद (विहिप), हरियाणा द्वारा अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष का शुभारंभ रविवार को गुरुग्राम विवि में राज्य स्तरीय समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में संत समाज, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं समेत 1,700 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा ने अशोक सिंघल के संघ से जुड़ाव, संगठन निर्माण, सामाजिक समरसता, गौ संरक्षण, वेदों के प्रचार और राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के बिना समाज कल्याण की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने गौ एवं वेद से जुड़े अनुसंधान और जनजागरण के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अशोक सिंघल के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें महामानव बताया। उन्होंने जन्म शताब्दी वर्ष के दौरान सामाजिक सरोकार, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और युवा संवाद से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने पर भी जोर दिया।
आचार्य डॉ. लोकेश मुनि ने अशोक सिंघल के साथ बिताए समय और उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व के संस्मरण साझा किए। गुरुग्राम विवि के कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
समारोह में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, तेजपाल तंवर, विमला चौधरी, मेयर राजरानी मल्होत्रा समेत विहिप के प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन प्रांत मंत्री यशवंत शेखावत ने किया।
कार्यक्रम में अशोक सिंघल के जीवन और संगठनात्मक कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। जॉइन वीएचपी काउंटर पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने पंजीकरण कराया। जन्म शताब्दी वर्ष में हरियाणा के सभी जिलों में विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी रखी गई।

Girish Saini 

