एससी वर्ग के संवैधानिक हितों की समीक्षा के लिए एमडीयू पहुंचे राष्ट्रीय आयोग के सदस्य

शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मियों और विद्यार्थियों से किया संवाद, कल्याणकारी योजनाओं की ली जानकारी

एससी वर्ग के संवैधानिक हितों की समीक्षा के लिए एमडीयू पहुंचे राष्ट्रीय आयोग के सदस्य

रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य डॉ. पार्थ बिस्वास ने वीरवार को एमडीयू का दौरा कर अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों तथा उनके संवैधानिक अधिकारों की स्थिति की समीक्षा की। अपने एक दिवसीय आधिकारिक दौरे के दौरान उन्होंने विवि अधिकारियों के साथ बैठक की और संबंधित वर्गों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. बिस्वास का स्वागत किया। उन्होंने विवि की प्रशासनिक व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों और विकास यात्रा की जानकारी साझा करते हुए एससी वर्ग के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा एवं कल्याण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. बिस्वास को एससी वर्ग से संबंधित विवि की सूचनाओं की पुस्तिका भी सौंपी।

डीन अकादमिक अफेयर्स डॉ. रणदीप राणा, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, निदेशक आईक्यूएसी प्रो. नरसिम्हन, एससी-एसटी प्रकोष्ठ की समन्वय अधिकारी प्रो. प्रतिमा रंगा और निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने आयोग के सदस्य को विवि में संचालित विभिन्न नीतियों, योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों से अवगत कराया।

डॉ. बिस्वास ने एससी वर्ग के शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव जाने। उन्होंने गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी मधुमिता के साथ छात्रावास की छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

डॉ. बिस्वास ने विवि प्रशासन को एससी वर्ग के सभी हितधारकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने और उनके कल्याण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।