वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को गांव-चौपाल तक ले जाएगी कांग्रेसः पूर्व सीएम हुड्डा
विधानसभा सत्र में बीबीएमबी, शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरेगी पार्टी
रोहतक/ नई दिल्ली, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा सत्र और पार्टी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के लिए वीरवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। इसमें प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित विपक्ष की महारैली की सफलता के लिए विधायकों की सराहना की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान अब घर-घर और गांव-चौपाल तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत सभी विधायकों को अपने हलकों में चौपाल बैठकें कर लोगों को कथित वोट चोरी और एसआईआर में अनियमितताओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
हुड्डा ने बताया कि बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कांग्रेस ने पर्याप्त स्टाफ और सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में गिरावट का आरोप लगाते हुए पार्टी ने इस मुद्दे पर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने का फैसला किया है।
बैठक में भाखड़ा मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) से जुड़े पानी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा के हिस्से का पानी नहीं मिल रहा है। कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में फिर उठाएगी। इसके अलावा महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को एमएसपी और खाद की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
कांग्रेस विधायक दल की अगली बैठक 25 नवंबर को चंडीगढ़ में होगी।

Girish Saini

