युवा शक्ति ही देश का भविष्य हैः प्रो संदीप बंसल

राजकीय महाविद्यालय में द्वितीय दीक्षांत समारोह, पूर्व छात्र मिलन एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह।

युवा शक्ति ही देश का भविष्य हैः प्रो संदीप बंसल

सांपला, गिरीश सैनी। शहीद राय सिंह राजकीय महाविद्यालय, सांपला में द्वितीय दीक्षांत समारोह, पूर्व छात्र मिलन एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, एमडीयू के कुलसचिव प्रो संदीप बंसल ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. जगबीर राठी, डीएसपी जोगेंद्र शर्मा, दर्शन कुमार गोयल, नितिन त्रिखा एवं शमशेर सिंह अहलावत मौजूद रहे।

प्राचार्य डॉ. परमभूषण आर्य ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन में नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है।

मुख्य अतिथि प्रो. संदीप बंसल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

डॉ. जगबीर राठी ने अपना प्रसिद्ध गीत बोल तेरे मीठे-मीठे प्रस्तुत किया, जिस पर विद्यार्थी उत्साह से झूम उठे। डी.के. गोयल ने कहा कि वाणिज्य शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक समझ, उद्यमिता और समाज के विकास का सशक्त आधार है।

पूर्व छात्र मिलन समारोह के कन्वीनर डॉ. दीपक लठवाल ने पूर्व विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी धरोहर होते हैं। उन्होंने पूर्व छात्रों से महाविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने अपने छात्र जीवन की यादों को ताजा किया।