राष्ट्रीय एकता दिवस पर रोहतक में युवा पद संचलन, पूर्व मंत्री ग्रोवर ने किया संबोधित

राष्ट्रीय एकता दिवस पर रोहतक में युवा पद संचलन, पूर्व मंत्री ग्रोवर ने किया संबोधित

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ संकल्प, कुशल नेतृत्व और कूटनीति से सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय संभव हुआ और अखंड भारत की नींव मजबूत हुई। युवा पीढ़ी को आजादी के संघर्ष और महापुरुषों के बलिदान से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि उनमें राष्ट्रप्रेम और सामाजिक समरसता की भावना विकसित हो।

वे शनिवार को सुभाष चौक पर सरदार पटेल जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम और युवा पद संचलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हैदराबाद और जूनागढ़ सहित अनेक रियासतों के एकीकरण में पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान भी किया।

एसडीएम आशीष कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए युवाओं से पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।

उधर, कलानौर के दशहरा ग्राउंड में भी रन फॉर यूनिटी आयोजित हुई, जिसमें युवाओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता के लिए योगदान देने का संदेश दिया।