एससी किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगा 3 लाख रुपये अनुदान, आवेदन 15 नवंबर सेः उपायुक्त
15 दिसंबर तक कृषि विभाग के पोर्टल पर कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, 45 एचपी या अधिक क्षमता के ट्रैक्टर पर मिलेगी सब्सिडी
रोहतक, गिरीश सैनी। अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर 3 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए पात्र किसान 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत 45 एचपी या इससे अधिक क्षमता के ट्रैक्टर की खरीद पर प्रति यूनिट 3 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए किसान के स्वयं के नाम या फैमिली आईडी में परिवार के किसी सदस्य के नाम कृषि योग्य भूमि होना अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदक का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना चाहिए। आवेदन के साथ भूस्वामित्व प्रमाण पत्र और घोषणा पत्र अपलोड करना होगा।
उपायुक्त ने बताया कि आवेदनों की संख्या निर्धारित लक्ष्य से अधिक होने पर जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की निगरानी में ऑनलाइन ड्रा से लाभार्थियों का चयन होगा। चयनित किसानों को 15 दिन के भीतर ट्रैक्टर खरीदकर बिल संबंधित कार्यालय में जमा करवाना होगा।
योजना का लाभ लेने वाले किसान ने पिछले पांच वर्षों में किसी ट्रैक्टर अनुदान योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए। अनुदान प्राप्त करने के बाद पांच साल तक ट्रैक्टर बेचा नहीं जा सकेगा।

Girish Saini

