बीएमयू में युवाओं को सीपीआर और एईडी का प्रशिक्षण, हृदय रोग के संकेतों की जानकारी दी
खराब जीवनशैली, तनाव और असंतुलित खानपान बढ़ा रहे हृदय रोगों का खतराः डॉ. मनजीत
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में युवाओं को हृदय रोगों के चेतावनी संकेतों और आपात स्थिति में जीवन बचाने के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। फैकल्टी ऑफ मेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज के फिजियोथेरेपी विभाग ने युवाओं में हृदय स्वास्थ्य: चेतावनी के संकेत और जीवन रक्षक उपाय विषय पर व्याख्यान आयोजित किया।
वक्ता हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि खराब जीवनशैली, मानसिक तनाव और असंतुलित खानपान के कारण हृदय रोगों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सीने में अचानक दर्द, सांस फूलना, बाएं हाथ में दर्द और ठंडा पसीना आना हृदय संबंधी आपात स्थिति के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।
विभागाध्यक्ष डॉ. चारू शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) देने और ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (एईडी) के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। आयोजन सचिव डॉ. प्रदीप आर्य और सह-संयोजक डॉ. सुमन सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini

