समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सशक्त संवाहक हैं युवाः प्रो. सविता राठी

एनएसएस सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चयन प्रक्रिया आयोजित।

समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सशक्त संवाहक हैं युवाः प्रो. सविता राठी

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के राष्ट्रीय सेवा योजना सेल द्वारा सत्र 2024-25 के लिए जिला एवं विवि स्तर पर सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चयन प्रक्रिया का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान विभिन्न जिलों के समन्वयक - डॉ. अभिमन्यु मलिक (सोनीपत), डॉ. मनीषा (रोहतक), डॉ. विनिता सपड़ा (पलवल), डॉ. रेनू (झज्जर) एवं डॉ. जितेंद्र ढुल (फरीदाबाद) मौजूद रहे।

चयन प्रक्रिया के अंतर्गत पांच जिलों के कुल 22 स्वयंसेवकों ने भाग लिया, जिनका मूल्यांकन उनके सामाजिक सरोकारों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, नवाचार तथा एन एस एस गतिविधियों में योगदान के आधार पर किया गया। इस दौरान रोहतक से सुजीत (गणित विभाग), मोनू (शिक्षा विभाग) एवं राघव (यूआईईटी एमडीयू), सोनीपत से अलंकृता त्यागी (जीवीएम महिला कॉलेज), फरीदाबाद से जतिन (अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़), झज्जर से अस्तुति (वीएएसएमएम बहादुरगढ़) तथा पलवल से विष्णु (एनजीएफ डिग्री कॉलेज) को जिला स्तरीय सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

विवि स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुरुष वर्ग में सुजीत (गणित विभाग), मोनू (शिक्षा विभाग) एवं राघव (यूआईईटी) को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चुना गया। महिला वर्ग में अलंकृता त्यागी (जीवीएम गर्ल्स कॉलेज), भूमिका (हिंदू गर्ल्स कॉलेज) एवं तनिषा (अग्रवाल कॉलेज) को विवि स्तर पर सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक के रूप में सम्मानित किया गया।

प्रो. सविता राठी ने चयनित स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सशक्त संवाहक हैं, जो अपने निस्वार्थ सेवा भाव, अनुशासन एवं समर्पण से राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने सभी चयनित स्वयंसेवकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ समाज सेवा के पथ पर अग्रसर रहेंगे।