जीजेयू में डांडिया नाइट की धूम - गरबा, नवदुर्गा और राधा-कृष्ण की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कस्तूरबा भवन (गर्ल्स हॉस्टल-1) में आयोजित डांडिया नाइट-2026 में करीब 1800 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और नृत्य से सजे इस आयोजन में परिसर उत्सव के रंगों में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में समाजसेविका पंकज संधीर मुख्य अतिथि और रजनी शर्मा विशिष्ट अतिथि रही। चीफ वार्डन गर्ल्स प्रो. सुजाता सांघी भी मौजूद रही। आयोजन डिप्टी चीफ वार्डन एवं कोऑर्डिनेटर डॉ. ज्योति प्रभा बिश्नोई के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद छात्राओं ने राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति, पारंपरिक गरबा और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों पर आधारित नवदुर्गा नृत्य प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विभिन्न छात्रावासों के कोऑर्डिनेटर, वार्डन और हॉस्टल प्रशासन ने आयोजन में सहयोग दिया। डांडिया नाइट ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक सौहार्द से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।

Girish Saini

