नगाड़ा प्रतियोगिता के विजेता को मिलेंगे 75 हजार रुपयेः डीसी

कुरुक्षेत्र में 16 अक्टूबर को राज्य स्तरीय मुकाबला, पांच सांत्वना पुरस्कार भी

नगाड़ा प्रतियोगिता के विजेता को मिलेंगे 75 हजार रुपयेः डीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा की लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत को बढ़ावा देने के लिए 16 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र के मल्टी आर्ट सेंटर में राज्य स्तरीय नगाड़ा (बंचारी) प्रतियोगिता आयोजित होगी। सुबह 10 बजे शुरू होने वाली प्रतियोगिता में विजेता दल को 75 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहने वाले दल को 65 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले दल को 55 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा पांच दलों को 10-10 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है। प्रत्येक दल में 10 कलाकार होने चाहिए और सभी को आधार कार्ड साथ लाना होगा। हर दल को प्रस्तुति के लिए तीन से पांच मिनट मिलेंगे। प्रस्तुतियां पारंपरिक रसिया गायन, हरियाणवी लोकगीतों और लोक संगीत पर आधारित होनी चाहिए। फिल्मी धुनों पर प्रस्तुति मान्य नहीं होगी। कलाकारों के लिए हरियाणवी लोक परिधान पहनना भी अनिवार्य है।