युवा महोत्सव में प्रतिभा दिखाएंगे 15 से 29 वर्ष के युवाः नगराधीश
जिला युवा महोत्सव 19-20 नवंबर को एमडीयू में, लोक कला और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दिखेगा हुनर
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कला-संस्कृति से जुड़ने का बेहतर मंच प्रदान करता है। यह बात नगराधीश शुभम ने जिला युवा महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने बताया कि महोत्सव का आयोजन 19 व 20 नवंबर को एमडीयू के टैगोर ऑडिटोरियम में होगा। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। महोत्सव में लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और लोक वाद्य यंत्रों से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इस वर्ष महोत्सव की थीम नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत रखी गई है। इसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का संदेश दिया जाएगा।
नगराधीश ने अधिकारियों को मंच, बैठक, लाइट, साउंड और पंजीकरण सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्राचार्य राजपाल सिंधु ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।

Girish Saini

