युवाओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक
रील मेकिंग में मनीषा, भाषण प्रतियोगिता में दीपांशी, नारा लेखन में निकिता ने बाजी मारी।
रोहतक, गिरीश सैनी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में माय भारत द्वारा गांव सांघी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष की आयु के 250 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को देशभर में दिलाए गए राष्ट्रव्यापी नशा मुक्ति संकल्प के संदर्भ में किया गया, जिसके तहत युवाओं ने नुक्कड़ नाटक, समूह गान, समूह नृत्य, स्लैम पोएट्री, वाद-विवाद, भाषण, पोस्टर मेकिंग, रील मेकिंग, नारा लेखन एवं चित्रकला सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक नांदल सहित प्राचार्या बबीता रानी, जिला युवा अधिकारी परम राठी, माय भारत के पदाधिकारी जयशंकर, प्रवीण सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने युवाओं की प्रतिभा एवं जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में लगाना चाहिए। प्राचार्या बबीता रानी ने भी युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
नुक्कड़ नाटक में टीम –हम ने पहला, हिंदू कॉलेज ने दूसरा तथा राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांघी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। समूह गान में संजय ग्रुप, समूह नृत्य में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांघी की टीम, रील मेकिंग में मनीषा, भाषण प्रतियोगिता में दीपांशी, स्लैम कविता में जतिन, नारा लेखन में निकिता, चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांघी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को चंडीगढ़ में आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। निर्णायक मंडल में सुरेंद्र, मिथिलेश, डॉ. मंजीत, पंकज, डॉ. रजनी कुमारी, डॉ. सुमित कुमार, रामकली, अनिल कौशिक, राकेश कुमार, प्रमिला, दीपक एवं हितेश सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे।
Girish Saini 

