कुरुक्षेत्र में गरजे योगी आदित्यनाथ

कहा, पाकिस्तान का डर दिखाने वाले पाकिस्तान चले जाएं।

कुरुक्षेत्र में गरजे योगी आदित्यनाथ

कुरुक्षेत्र, गिरीश सैनी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कुरुक्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी नवीन जिंदल के समर्थन में आयोजित महा विजय संकल्प रैली में भाजपा को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर भी निशाना साधते हुए कड़ा हमला बोला। कुरुक्षेत्र के मैदान में गरजते हुए योगी ने कांग्रेस नेता के बयान पर कहा कि पाकिस्तान का डर दिखाने वाले पाकिस्तान चले जाएं और वहां जाकर भीख मांगें।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस विरासत पर टैक्स लगाने की बात कर रही है, ये विरासत टैक्स औरंगजेब वाला जजिया कर है। हम औरंगजेब की आत्मा को स्वतंत्र भारत में जिंदा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि देश में गरीबी हटाने का जो नारा पहले दादी (इंदिरा गांधी) देती थी, वही नारा अब पोता (राहुल गांधी) भी दे रहा है। आप लोग इनके झांसे में न आएं। ये आपकी प्रॉपर्टी को बांग्लादेशियों और पाकिस्तानियों में बांट देंगे। योगी ने कहा कि हमने यूपी में माफियाओं को जहन्नुम में पहुंचाया। भाजपा सरकार में अब हरियाणा भी अपराध मुक्त प्रदेश बन रहा। हरियाणा की भाजपा सरकार ने अपराधियों को खत्म किया है। भ्रष्टाचार को खत्म किया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप)  पर हमला बोलते हुए कहा कि आप की शुरुआत सुबह झूठ से होती है और शाम को झूठ पर ही खत्म होती है। ये लोग देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे लोगों को सत्ता से दूर रखना होगा, वरना ये देश को लूट कर खा जाएंगे। इसलिए आने वाली 25 मई को हरियाणा में भाजपा को जिताएं और सभी 10 की 10 सीटों पर कमल के फूल को खिलाकर प्रधानमंत्री मोदी को मजबूत करें। आज भाजपा सरकार जनता के सम्मान, सुरक्षा और गरीबों के लिए काम कर रही है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का कुरुक्षेत्र रैली में पहुंचने पर कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवीन जिंदल, कमलेश ढांडा, लीलाराम गुर्जर, डॉ पवन सैनी, उमा सुधा, अशोक गुर्जर, संदीप सिंह, कृष्ण बेदी, जनरल डीपी वत्स, कैलाश भगत, रवि तारावाला, आत्म प्रकाश मनचंदा और अर्चना गुप्ता ने स्वागत किया।

योगी ने कहा कि 10 साल पहले भारत में कहीं भी कोई भी सुरक्षित नहीं था। हर जगह डर का आलम था। हर जगह विस्फोट होते थे, लेकिन आज कहीं भी विस्फोट नहीं होता। अब सब सुरक्षित हैं। कांग्रेस के समय में सुबह की शुरुआत एक घोटाले से होती थी, लेकिन शाम होते-होते बम धमाके की खबर आती थी, कई लोग मारे जाते थे। सबको डर रहता था कि पता नहीं कब कौन इसकी चपेट में आ जाए। लेकिन अब ऐसा नहीं होता। यही परिवर्तन है। आज का भारत एयर स्ट्राइक कर दुनिया को अपनी ताकत का अहसास करा रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक कर भारत ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाई और संदेश दिया कि देखो हम शांतिप्रिय देश हैं, लेकिन कोई हमें छेड़ेगा तो हम छोड़ेंगे नहीं। भारत तेज गति से विकास की और बढ़ रहा है। यहां आईआईटी बन रहे हैं, मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं, विश्वविद्यालय बन रहे हैं, युवाओं को रोजगार मिल रहे हैं। देश से भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुरुक्षेत्र से प्रत्याशी पूर्व सांसद और अपने इनोवेशन के लिए जाने जाने वाले नवीन जिंदल को भारी मतों से जिताकर दिल्ली भेजें। वे आपकी आवाज उठाएंगे। प्रदेश की सभी 10 सीटों पर कमल का फूल खिलाकर देश के विकास में योगदान दें।

योगी ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर धर्म युद्ध लड़ा गया था। 5000 वर्षों पहले यहां असत्य पर सत्य की जीत हुई। 4 जून को भी जो परिणाम आने वाला है वह सत्यमेव जयते, क्योंकि मैं अयोध्या में प्रभु राम की पावन धरा से यहां पर आया हूं। अयोध्या में राम मंदिर 500 वर्षों के तप के बाद बना है। वहीं, यहां से लीलाधारी भगवान श्री कृष्ण का जो उपदेश उन्होंने आज से 5000 वर्ष पहले दिया था वह आज भी प्रासंगिक है। उनकी पावन धरा का संदेश लेकर में मथुरा जाउंगा तो वहां सभी बोलेंगे कि काशी और अयोध्या पूरी हुई, अब मथुरा की बारी है।