मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को मजबूत करता है योगः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
कलानौर, गिरीश सैनी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कलानौर में आयोजित खंड स्तरीय योग समारोह में हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारत की संस्कृति और परंपरा का गौरव है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है, जबकि हरियाणा सरकार भी प्रदेश में योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनाव मुक्त रहकर बेहतर जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज ही विकसित भारत के निर्माण का आधार बन सकता है। इस दौरान रोहतक चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।
वहीं, सांपला स्थित नई अनाज मंडी परिसर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के खंड स्तरीय कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाये। इस दौरान उपस्थित जन ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन एवं प्राणायामों का सामूहिक अभ्यास किया। खंड लाखनमाजरा में गांव में स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें योग साधकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
Girish Saini 


