डीसी ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में सुविधाएं बढ़ाने पर दिया जोर, दिया सहयोग का भरोसा
सौर पैनल व कंप्यूटर लगाने का प्रस्ताव, चारदीवारी की मरम्मत से लेकर वर्षा जल संचयन तक के कार्यों पर मंथन
रोहतक, गिरीश सैनी। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। यह बात उपायुक्त सतबीर सिंह ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में आयोजित विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
बैठक में विद्यालय के आधारभूत ढांचे के विकास और सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इनमें विद्यालय की चारदीवारी की मरम्मत व रंग-रोगन, सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना शामिल है।
इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के लिए सौर ऊर्जा पैनल लगाने, सीएसआर के माध्यम से वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित करने तथा विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षा देने के लिए अतिरिक्त कंप्यूटर उपलब्ध करवाने के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। बैठक में प्राचार्या परमजीत कौर ने विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों की उपलब्धियों से समिति को अवगत करवाया।

Girish Saini

