अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रोहतक में योगा मैराथन आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की श्रृंखला में स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में योगा मैराथन का आयोजन किया गया। नगराधीश शुभम ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
नगराधीश शुभम ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग एक प्रभावी माध्यम है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लें।
योगा मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाडिय़ों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया। इस दौरान डीईओ मनजीत मलिक, डीईईओ बिजेंद्र हुड्डा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव कुमार सैनी, आयुष विभाग से डॉ. ईशा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र, ट्रैफिक एसएचओ प्रवीन कुमार सहित जिला प्रशासन, खेल विभाग, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


