भारतीय संस्कृति तथा समृद्ध विरासत का अभिन्न अंग है योगः सांसद संजय भाटिया
एमडीयू में आयोजित योग कार्यक्रम में दिया स्वस्थ भारत का संदेश।
रोहतक, गिरीश सैनी। जन-जन तक योग पहुंचाने, योगमय जीवन को समाज-राष्ट्र में अपनाने, तथा योग के जरिए स्वस्थ जीवन शैली जीने के सामूहिक संकल्प के साथ वीरवार को एमडीयू के सरदार वल्लभ भाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विवि समुदाय, संबद्ध महाविद्यालय समुदाय सहित रोहतक शहर व जिला से अपार जनसमूह ने भाग लिया।
बतौर मुख्य अतिथि, राज्य सभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति तथा समृद्ध विरासत का अभिन्न अंग है। शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी योग महत्वपूर्ण है। योग को शरीर-मन-आत्मा का सुंदर जोड़ बताते हुए सांसद भाटिया ने योग को जीवन का अनिवार्य अध्याय बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग दिवस पर योग के विषय में लगाई गई कला-इतिहास प्रदर्शनी भी योग के ऐतिहासिक यात्रा तथा भारत में इसके प्रचलन की पुष्टि करता है।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने अपने संबोधन में योग को भारत की प्राचीनतम धरोहर करार देते हुए कहा कि सिन्धु घाटी सभ्यता के समय से ही भारत में योग की परंपरा का स्पष्ट उल्लेख है। योग को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा अनुशासित व स्वस्थ जीवन जीने का आह्वान कुलपति ने किया। उन्होंने एमडीयू द्वारा योग को बढ़ावा देने के लिए छात्र कल्याण विभाग तथा सेंटर फॉर योगिक स्टडीज द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख भी किया।
इस दौरान ऋषभ, आदित्य तथा संजीव ने संगीतमय योग प्रस्तुति दी। योग प्रशिक्षक नरेश के संचालन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत यौगिक क्रिया तथा योगासन प्रदर्शन सामूहिक रूप से किया गया। प्रारंभ में डीन छात्र कल्याण प्रो. सपना गर्ग ने स्वागत भाषण किया। आभार प्रदर्शन कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने किया।
इस दौरान विजुअल आर्ट्स विभाग की प्राध्यापिका डा. अंजलि दूहन द्वारा क्यूरेटेड योग आधारित कला-इतिहास प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभिन्न ऐतिहासिक दस्तावेजों से संकलित भारत में योग, विशेष रूप से हठ योग की परंपरा, पर विशेष जानकारी युक्त पोस्टर्स की प्रस्तुति रखी गई।
विवि प्रशासन द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, समाजसेवी सुभाष आहूजा, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, समाजसेवी राजेश जैन, राजेन्द्र बंसल, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, जाट शिक्षण संस्थान के प्रधान गुलाब सिंह दिमाना, सैनी शिक्षण संस्थान के पूर्व प्रधान धर्म सिंह दहिया, सैनी को-एड कॉलेज के महासचिव एडवोकेट प्रदीप सैनी, जिला उपायुक्त सचिन गुप्ता, नगराधीश शुभम, पीजीआईएमएस निदेशक प्रो. एस.के. सिंघल, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी के अलावा डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान, विभिन्न फैकल्टी डीन तथा विभागाध्यक्ष, निदेशक खेल डॉ. शकुंतला बेनीवाल, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मी व शहर के प्रबुद्धजन तथा शोधार्थी-विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, खिलाडी, एनएसएस व वाईआरसी वॉलिंटियर्स मौजूद रहे।
Girish Saini 


