शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली संपूर्ण जीवनशैली है योगः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
रोल ऑफ योगा इन वुमन हेल्थ विषय पर यूएचएसआर में सम्मेलन आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में बुधवार को रोल ऑफ योगा इन वुमन हेल्थ विषय पर एक सम्मेलन का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल मौजूद रहे।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की मानवता को दी गई सबसे बड़ी सौगात है। ये केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली संपूर्ण जीवनशैली है। आज तनाव, चिंता और जीवनशैली जनित रोग तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में योग की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि महिला स्वास्थ्य का मतलब सिर्फ बीमारी का न होना नहीं है। इसमें शारीरिक फिटनेस, भावनात्मक कल्याण, मानसिक मजबूती, प्रजनन स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण सब शामिल हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वस्थ रहना पूरे राष्ट्र की प्रगति के लिए जरूरी है।
कुलपति डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वैज्ञानिक शोध भी साबित कर चुके हैं कि नियमित योग से फ्लेक्सिबिलिटी, स्ट्रेंथ, पोस्चर और हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है। ये तनाव, अवसाद, नींद की समस्या, मासिक धर्म संबंधी दिक्कतें, गर्भावस्था और मेनोपॉज के लक्षणों में लाभकारी है। योग सबसे प्रभावी और किफायती निवारक स्वास्थ्य रणनीति है।
निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि योग पूरे शरीर का व्यायाम है। उन्होंने बताया कि डब्ल्यूएचओ की थीम के अनुरूप आज योग को अपनाना जरूरी है। आजकल हार्मोन असंतुलन और फर्टिलिटी की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जो योग से काफी हद तक ठीक हो सकती है।
बतौर मुख्य वक्ता, डॉ. मारकंडेय आहूजा ने गीता को योग से जोड़ते हुए मैटरनल वेल बीइंग पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि हमें गीता बेस्ड अप्रोच टू मैटरनल वेल बीइंग अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था केवल जैविक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आत्मिक विकास का पथ है।
आयोजक, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सविता रानी सिंघल ने स्वागत संबोधन किया और कार्यक्रम की विषयवस्तु पर प्रयाश डाला। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में चार सत्रों में डॉ मारकंडेय आहूजा के अलावा डॉ. पुष्पा दहिया, डॉ. पूनम और डॉ. गीता ने योग और महिला स्वास्थ्य पर व्याख्यान दिया। योग का महत्व दर्शाती एक पोस्टर प्रर्दशनी भी ओपीडी में लगाई गई। इस दौरान डेंटल कालेज की प्राचार्या डॉ. मनु राठी, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, डॉ मधु शर्मा, डॉ. किरण बाला, डॉ. नित्याशा, डॉ. सपना गर्ग, डॉ. रमेश वर्मा, डॉ. अपर्णा परमार, डॉ. सुधीर अत्री, डॉ. सुशीला टाकसक, डॉ. निशा मारवाह मौजूद रहे।
Girish Saini 

