सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुन आयोग ने दिया समाधान का भरोसा
महम में अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की टीम ने अध्यक्ष ईश्वर सिंह पलाका के नेतृत्व में पीजीआईएमएस, रोहतक और महम नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
पीजीआईएमएस में कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल और कुलसचिव डॉ. रूप सिंह के साथ बैठक में सफाई कर्मचारियों को मिल रही सुविधाओं और उनके कल्याण के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई। इसके बाद डेंटल सभागार में कर्मचारियों से संवाद करते हुए पलाका ने कहा कि आयोग उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संज्ञान में लाकर समाधान करवाएगा। उपाध्यक्ष डॉ. भारत भूषण टाक ने कहा कि प्रदेश सरकार सफाई कर्मचारियों के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कर्मचारियों से बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया।
बाद में महम नगर पालिका कार्यालय में भी कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं। आयोग ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका चेयरपर्सन भारती पंवार सहित अधिकारी और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini

