क्रिकेट को हां, नशे को ना: खेलों से युवाओं को मिलेगी नई दिशा
डीसी ने किया नमो टेनिस बॉल क्रिकेट लीग मैच का शुभारंभ।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि खेल और खिलाड़ी हरियाणा की पहचान हैं। खेल युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा खेलों में लगाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उपायुक्त भिवानी रोड स्थित 22 यार्ड्स क्रिकेट फैकल्टी मैदान में नमो टेनिस बॉल क्रिकेट लीग-2026 के तहत आयोजित मैच का शुभारंभ करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आयोजक हिमांशु ग्रोवर और संचित नांदल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं नशामुक्त भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है।
डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इससे पहले उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस करवाया।
हिमांशु ग्रोवर ने बताया कि लीग 17 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें हरियाणा सहित उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से 3,500 से अधिक टीमें और 55 हजार से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ के संदेश के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ना है। संचित नांदल ने कहा कि टेनिस बॉल से होने वाली इस प्रतियोगिता के जरिए गांव, ब्लॉक और जिला स्तर की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का व्यापक मंच मिलेगा।

Girish Saini 

