अशोक सिंहल जन्मशती पर सालभर चलेंगे आयोजनः डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान

नई दिल्ली से आगरा तक निकली शताब्दी यात्रा, युवाओं को उनके विचारों से जोड़ने का अभियान

अशोक सिंहल जन्मशती पर सालभर चलेंगे आयोजनः डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान

करनाल, गिरीश सैनी। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष स्व अशोक सिंहल की जन्मशती के उपलक्ष्य में अशोक सिंहल शताब्दी मंच द्वारा नई दिल्ली से आगरा तक दो दिवसीय शताब्दी यात्रा निकाली गई। नई दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने केसरिया ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया। मंच अध्यक्ष अतुल सिंघल मौजूद रहे। यात्रा का नेतृत्व एवं संयोजन एचआईआरडी निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने किया।

यात्रा दिल्ली से गुरुग्राम, सोहना, वृंदावन, मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान और पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म स्थान नगला चंद्रभान होते हुए आगरा के अशोक सिंहल मार्ग पर संपन्न हुई। अंतिम पड़ाव पर भाजपा राज्यसभा सांसद एवं आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन ने यात्रियों का अभिनंदन किया।

विभिन्न पड़ावों पर दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश गर्ग, वृंदावन में स्वामी ब्रह्मेश्वर व स्वामी ब्रह्मेंद्रानंद तथा सांसद नवीन जैन ने अशोक सिंहल से जुड़े संस्मरण साझा किए। वक्ताओं ने उन्हें हिंदुत्व और राष्ट्रीय जागरण की महत्वपूर्ण विभूति बताया।

डॉ. चौहान ने कहा कि हरियाणा लंबे समय तक प्रचारक के रूप में अशोक सिंहल की कर्मभूमि रहा। संगठन कौशल और अथक प्रयासों से उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि जन्मशती वर्ष में यात्राओं, संवादों और विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरे साल चलेगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अशोक सिंहल के जीवन, विचारों और राष्ट्र सेवा से परिचित कराना है। यात्रा प्रभारी तरुण झा, व्यवस्था प्रमुख आशीष शर्मा और मीडिया प्रभारी चंद्रभान नाविक सहित कार्यकर्ताओं ने आयोजन में योगदान दिया।