एमडीयू के राष्ट्रीय एकता शिविर में यंत्रपति मुरली और डॉ. सोमबीर सर्वश्रेष्ठ दल प्रभारी सम्मानित
कशिश बनीं सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक, विभिन्न प्रतियोगिताओं में देशभर के प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में आयोजित एनएसएस के सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर में आंध्र प्रदेश के यंत्रपति मुरली और एमडीयू के डॉ. सोमबीर को सर्वश्रेष्ठ दल प्रभारी सम्मान से नवाजा गया। सतलुज टीम की कशिश श्रीवास्तव सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चुनी गई।
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने बताया कि शिविर में विभिन्न राज्यों के स्वयंसेवकों ने कविता पाठ, एकल गायन, रंगोली, नारा लेखन, पोस्टर निर्माण, पॉट डिजाइनिंग, नृत्य और तात्कालिक भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई।
कविता पाठ में रोमिका, एकल गायन में संजना कुमारी, एकल नृत्य में एम.पी. हरिप्रिया और तात्कालिक भाषण में पीयूष कुमार प्रथम रहे। रंगोली में कशिश श्रीवास्तव और गुरिंदर सिंह संयुक्त विजेता बने। समूह नृत्य में कृष्णा टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल और सेवानिवृत्त प्रो. तिलक राज ने विजेताओं को सम्मानित किया। शिविर का उद्देश्य सांस्कृतिक विविधता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करना रहा।

Girish Saini

