समाधान शिविर में शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करें अधिकारीः डीसी
जिला मुख्यालय के साथ सांपला और महम में भी सुनी नागरिकों की समस्याएं
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और उचित निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और संबंधित नागरिकों से संवाद कर उन्हें विभागीय कार्रवाई की जानकारी दें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के तहत प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला मुख्यालय पर एसडीएम आशीष कुमार, नगराधीश शुभम और डीडीपीओ अधिकारी राजपाल चहल ने नागरिकों की शिकायतें सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए।
एसडीएम आशीष कुमार ने बताया कि नागरिक साधारण कागज पर अपनी समस्या लिखकर दे सकते हैं। लिखने-पढ़ने में असमर्थ लोगों की सहायता के लिए शिविर में कर्मचारी तैनात हैं। सांपला में एसडीएम अंकिता पुवार और महम में एसडीएम विपिन कुमार की अध्यक्षता में भी शिविर आयोजित किए गए।

Girish Saini

