सुरक्षित बचपन अभियान: विद्यार्थियों को पॉक्सो कानून की जानकारी दी
गुड टच-बैड टच और बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक व पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार नालसा के सुरक्षित बचपन अभियान के तहत पंचतीर्थ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कलानौर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को अनुचित व्यवहार पहचानने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गुड टच-बैड टच का अंतर समझाते हुए कहा कि किसी भी असहज स्थिति में बच्चों को बिना डर या झिझक माता-पिता, शिक्षकों अथवा विश्वसनीय वयस्क को बताना चाहिए। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से बाल सुरक्षा एवं सुरक्षित बचपन का संदेश दिया।

Girish Saini

