नर्सिंग कॉलेज में मनाया गया विश्व नर्सिंग दिवस
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के नर्सिंग कॉलेज में मंगलवार को विश्व नर्सिंग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। बतौर मुख्य अतिथि, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सविता सिंघल ने कॉलेज परिसर में स्थापित फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्राचार्य प्रो. सुनीता सहित सभी फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों ने भी आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि डॉ. सविता सिंघल ने केक काटकर फ्लोरेंस नाइटिंगेल का जन्मदिन मनाया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग एक ऐसा पेशा है जिसमें आमदनी के साथ-साथ सेवा का भी अनूठा अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे दिवस मनाने से जागरूकता आती है। फ्लोरेंस नाइटिंगेल को आज भी इसलिए याद किया जाता है क्योंकि उन्होंने सेवा में इमोशनल टच को जरूरी माना। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सीनियर्स का सम्मान करने के लिए तथा मरीज व उसके परिजनों से आत्मीय व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य प्रो. सुनीता ने कहा कि विश्व नर्सिंग दिवस दुनिया भर में नर्सों की सेवा को समर्पित एक श्रद्धांजलि है। उन्होंने नर्सों को किसी भी अस्पताल का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि वे समाज में विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाती हैं। इस दौरान नर्सिंग अधीक्षक सुदेश कुमारी सहित शिक्षक, स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

