पीजीआईएमएस में विश्वस्तरीय इलाज, दिल्ली जाने की जरूरत नहीं: मंत्री पंवार

पीजीआईएमएस में विश्वस्तरीय इलाज, दिल्ली जाने की जरूरत नहीं: मंत्री पंवार

रोहतक, गिरीश सैनी। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पीजीआईएमएस, रोहतक अब गंभीर बीमारियों के इलाज का प्रमुख केंद्र बन चुका है और मरीजों को हृदय, कैंसर व किडनी जैसी बीमारियों के उपचार के लिए दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ रही।

मंत्री शनिवार को पीजीआईएमएस पहुंचे और डे केयर सेंटर में भर्ती अपने वाहन चालक का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सक डॉ. ध्रुव चौधरी से उपचार की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अन्य मरीजों व परिजनों से दवाओं की उपलब्धता, सफाई, उपचार और स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक लिया। मरीजों ने उपचार और सेवाओं पर संतोष जताया।

मरीजों की प्रतिक्रिया से संतुष्ट पंवार ने पीजीआईएमएस में अत्याधुनिक मशीनें खरीदने के लिए अपने सरकारी निजी कोष से 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व में संस्थान की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि पीजीआईएमएस सही मायने में गरीबों का अस्पताल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना पीजीआईएमएस को एम्स की तर्ज पर और सुविधाओं से लैस करने की है।