पीजीआईएमएस में विश्व स्तनपान सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के नर्सिंग कॉलेज में शनिवार को विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 7 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नर्सिंग कॉलेज की डीन एवं प्राचार्या प्रो. सुनीता कुमारी ने की। बतौर मुख्य अतिथि, डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल और विशिष्ट अतिथि के रूप में जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. मंजूनाथ मौजूद रहे।
इस वर्ष के थीम पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सविता सिंघल ने कहा कि स्तनपान केवल बच्चे का अधिकार नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि जन्म के एक घंटे के अंदर स्तनपान शुरू करवाना और पहले 6 महीने तक केवल मां का दूध देना शिशु मृत्यु दर और बीमारियों को कम करने का सबसे प्रभावी और किफायती तरीका है। उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों को स्तनपान दूत बनने की अपील करते हुए कहा कि अस्पतालों और समुदायों में जाकर माताओं और परिवारों को सही स्तनपान तकनीक के बारे में जागरूक करें।
कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. सुनीता कुमारी ने कहा कि डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ के सहयोग से 1990 की इन्नोसेंटी घोषणा के बाद से हर साल 1 से 7 अगस्त तक स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है। डॉ. मंजूनाथ ने कहा कि जागरूकता और सही संवाद से ही स्तनपान को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया, स्वास्थ्य शिक्षा सत्रों और सामुदायिक आउटरीच के माध्यम से जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
उद्घाटन सत्र में पोस्टर प्रतियोगिता, स्वास्थ्य शिक्षा सत्र और स्तनपान के लाभों पर जागरूकता वार्ता का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। नर्सिंग की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक द्वारा तुरंत स्तनपान के महत्व और शिशुओं में रोग-प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में कोलोस्ट्रम की भूमिका के बारे में जागरूक किया।
Girish Saini 

