डिजिटल मोड में जनगणना को लेकर उपायुक्त के निर्देशानुसार अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित

डिजिटल मोड में जनगणना को लेकर उपायुक्त के निर्देशानुसार अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार आगामी जनगणना 2027 को डिजिटल मोड में सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्थानीय विकास भवन स्थित सभागार में तहसीलदारों व शहरी निकायों के अधिकारियों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

नगराधीश अंकित कुमार की देखरेख में आयोजित कार्यशाला में जिला प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को जनगणना से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जनगणना निदेशालय हरियाणा से नीरज मित्तल, ओमप्रकाश तथा जिला समन्वयक सोनू कुमारी ने पीपीटी के माध्यम से जनगणना कार्य से जुड़ी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों का तकनीकी रूप से प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों को समय रहते प्रशिक्षण दिलाना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी अधिकारी व कर्मचारी डिजिटल एप्लीकेशन तथा निर्धारित प्रक्रिया से भली-भांति परिचित हों, ताकि जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके। इसी संदर्भ में 16 से 18 मार्च तक जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स की कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके बाद 21 मार्च को चार्ज ऑफिसर्स की कार्यशाला आयोजित की जाएगी।