श्रम नियमों की जागरूकता रैली द्वारा श्रमिकों और नियोक्ताओं को किया जागरूक

हिसार, गिरीश सैनी। श्रमिकों और नियोक्ताओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में शिक्षित करने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा मंगलवार सुबह -श्रम नियमों की जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। लघु सचिवालय, हिसार से शुरू हुई ये रैली लेबर चौक, कैमरी रोड पर संपन्न हुई।
मुख्य अधिकारी उप निदेशक रविन्द्र सिंह और उप-श्रम आयुक्त शशिबाला ने रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उप निदेशक रविन्द्र सिंह ने श्रम नियमों के सही कार्यान्वयन की महत्ता पर ज़ोर जेते हुए कहा कि कोई भी देश अपने श्रमिकों के कल्याण की अनदेखी करके प्रगति नहीं कर सकता। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर श्रमिक को उसके कानूनी अधिकार पता हों और नियोक्ताओं को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने न्यूनतम मज़दूरी, काम के घंटे, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), सुरक्षित कार्य वातावरण और महिला कर्मचारियों से संबंधित मातृत्व लाभ जैसे महत्वपूर्ण श्रम नियमों से संबंधित नारे लिखे बैनर उठा रखे थे।