एलिवेटेड ट्रैक के साथ 3.79 किमी सड़क का काम तेज, दीपावली से पहले पूरे होने का लक्ष्य

एलिवेटेड ट्रैक के साथ 3.79 किमी सड़क का काम तेज, दीपावली से पहले पूरे होने का लक्ष्य

रोहतक, गिरीश सैनी। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ 3.790 किलोमीटर लंबी नई सड़क के निर्माण कार्य को बुधवार को गति दी गई। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर और उपायुक्त सतबीर सिंह ने लड्डू बांटकर कार्य की शुरुआत की। प्रशासन ने सड़क का निर्माण दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

उपायुक्त ने बताया कि चिन्योट कॉलोनी से शुरू होकर सेक्टर-6 तक बनाई जाने वाली इस सड़क की चौड़ाई 5.50 मीटर होगी और निर्माण पर करीब 21.27 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क के साथ साइड ड्रेन, टो-वॉल, विभिन्न परतों का निर्माण और प्रमुख मार्गों के जंक्शन सुधार के कार्य भी किए जाएंगे। अधिकारियों को गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि सड़क बनने से गांधी कैंप, झंग कॉलोनी, मानसरोवर कॉलोनी, सुभाष नगर, किशनपुरा, मॉडल टाउन, लक्ष्मी नगर, कबीर कॉलोनी, विशाल नगर तथा सेक्टर-5 और 6 के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। पीजीआईएमएस, कोर्ट परिसर और तहसील तक पहुंच आसान होगी। इससे रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर निर्भरता और जाम की समस्या भी कम होने की उम्मीद है।

एलिवेटेड ट्रैक के नीचे हरित पट्टी, फुटपाथ और पार्किंग विकसित करने की करीब 34 करोड़ रुपये की अतिरिक्त योजना भी प्रस्तावित है। इस दौरान एसडीएम आशीष कुमार, कार्यकारी अभियंता मनजीत दहिया, तहसीलदार यशपाल शर्मा, सहित अन्य मौजूद थे।